सीमा हैदर व अंजू : 2 देश और 2 तरह का व्यवहार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 02, 2023 - 05:23 AM (IST)

भारत और पाकिस्तान से जुड़ी ऐसी कई घटनाएं समय-समय पर हमारे सामने आती हैं जो दोनों देशों के चरित्र को स्पष्ट करती हैं। भारत की अंजू और पाकिस्तान की सीमा हैदर की घटना ऐसी ही है। पाकिस्तान से आई सीमा हैदर के व्यवहार में कहीं भी परिलक्षित नहीं होता कि वह पाकिस्तान की मुस्लिम महिला है। बावजूद हमारे देश की मीडिया और एक बड़े समूह ने अभी तक उसे संदेह से बाहर नहीं निकाला। हां, बिना वीजा के भारत आने के कारण उसकी गिरफ्तारी हुई। इस समय वह जमानत पर है। 

अब समाचार यह है कि सचिन के परिवार के सामने दिन-रात के भोजन का संकट पैदा हो गया है। चूंकि परिवार पुलिस जांच के अंदर है, इस कारण बाहर निकलना संभव नहीं। रबूपुरा में उसके परिवार ने गुहार लगाई है कि उन्हें बाहर काम करने की अनुमति दी जाए नहीं तो उनके लिए भरपेट भोजन करना मुश्किल है। इसके विपरीत अंजू की स्थिति देखिए। वह पाकिस्तान में दुनिया की दृष्टि में खतरनाक क्षेत्र माने जाने वाले खैबर पख्तूनख्वा में है। नसरुल्लाह नाम के एक पाकिस्तानी मुस्लिम के साथ खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ों से उसकी रोमांस करती की तस्वीरें और वीडियो आती रहीं। अचानक एक वीडियो आया जिसमें वह बुर्का पहने हुए कई लोगों के साथ निकाह के लिए जा रही है। पाकिस्तान के मीडिया ने इस बात की पुष्टि कर दी कि अंजू इस्लाम धर्म अपना चुकी है, उसका नया नाम फातिमा है और अब वह नसरुल्लाह की निकाहशुदा बीवी है। 

अभी तक उसके विरुद्ध भारत में सीमा हैदर की तरह किसी तरह की पुलिस जांच की सूचना नहीं है। इसके उलट उसका स्वागत करते लोगों द्वारा उसे गिफ्ट देते वीडियो और तस्वीरें आ रही हैं। समाचार यह भी है कि वहां के एक बड़े व्यापारी ने अंजू को न केवल बड़ा फ्लैट मुफ्त में दे दिया है, जिसकी कीमत 40 लाख है, बल्कि बिना कोई नौकरी या काम किए मुफ्त में ही शानदार जिंदगी जीने की भी व्यवस्था हो रही है। खैबर पख्तूनख्वा की एक रियल एस्टेट कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहसिन खान अब्बासी ने अंजू को एक चैक दिया था जिस पर कितनी धनराशि लिखी थी, इसका खुलासा नहीं हुआ। अंजू को 2722 वर्ग फुट जमीन के कागजात दिए गए, ताकि वह पाकिस्तान में आराम से रह सके। नसरुल्लाह की चारों तरफ वाहवाही हो रही है मानो उसने ऐसा काम किया हो जिससे पाकिस्तान का सीना गर्व से फूल रहा हो। 

यहां दोनों देश के लोगों के व्यवहार और राष्ट्रीय चरित्र के बीच मूलभूत अंतर साफ दिख रहा है। पाकिस्तान के लिए नसरुल्लाह इसलिए हीरो है क्योंकि उसने वहां के एक बड़े वर्ग की दृष्टि में अपने जानी दुश्मन भारत की एक हिंदू लड़की और वह भी शादीशुदा को मुसलमान बनाकर निकाह कर लिया। वहां सोशल मीडिया की कुछ प्रतिक्रियाओं को देखें तो ऐसा लगता है जैसे नसरुल्लाह ने अकेले ही भारत की इज्जत का अपहरण कर लिया है। पाकिस्तान का मुख्य मीडिया सीमा हैदर मामले पर पूरी तरह खामोश था जबकि अंजू की पूरी चर्चा हो रही है। इसके उलट सीमा हैदर के मामले में वहां के मीडिया की चुप्पी बता रही थी कि एक मुस्लिम महिला का पाकिस्तान छोड़कर भारत जाना, ङ्क्षहदू धर्म ग्रहण करना और एक हिंदू लड़के से शादी कर लेना उनके लिए शर्म का विषय हो गया। 

भारत का सामूहिक मानस न ऐसे सोचता है, न व्यवहार करता है। सीमा हैदर पर मीडिया और लोगों का अतिवाद था। ऐसे प्रस्तुत किया गया जैसे कोई मानव परमाणु बम हमारे देश में आ गई हो। किंतु एक मुस्लिम महिला ने 4 बच्चों को लेकर हिंदू धर्म स्वीकार कर एक ङ्क्षहदू से शादी कर ली, इसे लेकर हमारे यहां उत्साह नहीं दिखा। हां, जानबूझकर मजहबी कट्टरवादी विचारधारा से ङ्क्षहदू लड़कियों को फंसाना, उन्हें इस्लाम धर्म स्वीकार करने के लिए विवश करना और फिर निकाह करने का अवश्य विरोध हुआ और होना भी चाहिए। 

अंजू की पूरी कथा अनेक प्रकार के संदेह पैदा करती है। ध्यान रखिए, सीमा हैदर को भारत का वीजा नहीं मिला लेकिन अंजू को पाकिस्तान का वीजा आसानी से मिल गया। उसका पासपोर्ट कब और कैसे बना, यह उसके परिवार को पता नहीं है। ऐसा तो संभव नहीं कि पासपोर्ट बनाने से पहले पुलिस घर पर जांच करने नहीं आए। तो यह सब हुआ कैसे? ऐसा लगता है जैसे अपनी मूर्खता से अंजू पाकिस्तान में जाकर फंस गई है। जब वह बुर्का पहनकर निकाह के लिए जा रही थी उस समय के वीडियो में वह चारों तरफ से घिरी हुई चलती नजर आ रही है। उसकी इस तरह घेराबंदी कर दी गई, जिससे उसके पास बाहर निकलने का चारा ही नहीं रहा। आप सामान्य तौर पर पाकिस्तान का वीजा मांगें तो लाहौर से आगे तक का मिलना मुश्किल होता है। खैबर पख्तूनख्वा तक का वीजा तो असंभव है। फिर उस लड़की को वहां तक का वीजा कैसे मिला? इससे तो ऐसे लगता है जैसे अंजू को स्थाई रूप से वहां बसाने की ही व्यवस्था कर दी गई है। 

यह भारत के प्रत्येक परिवार के लिए सतर्क होने की घटना है। पता नहीं कौन कहां किस परिवार की लड़की को सोशल मीडिया या गेम के माध्यम से अपने जाल में फंसा रहा हो। अंजू के बाद जयपुर हवाई अड्डे पर एक नाबालिग लड़की कराची का हवाई टिकट मांगते हुए पकड़ी गई। पता चला कि सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के एक लड़के के साथ उसका प्यार था और उसके परिवार ने भी उसे कहा था कि आप वहां से पाकिस्तान आ जाओ। हो सकता है ऐसी और भी वारदातें चल रही हों।-अवधेश कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News