BJP नेता पूरी तरह बेशर्म हैं: लालू

punjabkesari.in Tuesday, Feb 09, 2016 - 10:56 AM (IST)

दरभंगा; राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार में जंगलराज होने की रट लगाए रहने पर पलटवार करते हुए आज कहा कि भाजपा नेताओं की आदत अनर्गल बयानबाजी करने की रही है और इसी कारण जनता ने उन्हें पिछले विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त देकर अच्छा जवाब दिया था। यादव ने यहां पत्रकारों से कहा कि भाजपा नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान जंगलराज आने का भय दिखाकर लोगों को भरमाने की खूब कोशिश की लेकिन जनता उनके झांसे में नहीं आई और उन्हें करारी शिकस्त देकर सबक सिखा दिया। 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शर्म की कोई सीमा होनी चाहिए लेकिन भाजपा नेता पूरी तरह बेशर्म हैं और चुनावी हार के बाद भी जंगलराज-जंगलराज कहकहर हाय तौबा मचा रहे हैं। राजद अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता अब भी चुनावी हार पचा नहीं पा रहे हैं। वे अब भी भटक रहे हैं लेकिन अगले साढ़े चार साल तक उन्हें सत्ता सुख नसीब होने वाला नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महागठबंधन की सरकार पूरे पांच साल तक चलेगी। उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा ‘‘कुर्सी पर बैठ गए हैं अब हम लोग उतरने वाले नहीं हैं, चाहे कोई कितना भी जोर लगा ले। ’’ 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News