Hyundai के ग्राहकों को बढ़ा झटका, 1 सितंबर से बढ़ेंगे कारों के दाम
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 05:48 PM (IST)
Hyundai India: Hyundai मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) लागत संबंधी दबाव को कम करने के लिए सितंबर से अपने वाहनों की कीमतों में एक प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी की मात्रा मॉडल और संस्करण के हिसाब से अलग-अलग होगी।
एचएमआईएल ने कहा कि कच्चे माल और जिंस की बढ़ती लागत, परिचालन खर्च में वृद्धि तथा लगातार बनी हुई भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं समेत कई कारणों से उसके कीमतों में संशोधन करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा कि वह बढ़ी हुई लागत का बोझ खुद वहन करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, ताकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम हो। फिलहाल कंपनी की वाहन श्रृंखला में शुरुआती मॉडल ग्रैंड आई10 निओस से लेकर इलेक्ट्रिक एसयूवी आयोनिक 5 तक शामिल हैं। इनकी कीमतें करीब 5.6 लाख से 55.7 लाख रुपये के बीच हैं।
