धर्म के नाम पर बच्चियों का यौन शोषण करने वाला दरिंदा अमरीका में काबू

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 04:38 AM (IST)

अमरीका के एरिजोना में एफ.बी.आई. ने बहु विवाह का समर्थन करने वाले एक छोटे से धार्मिक समूह के मुखिया ‘सैमुअल रैपिले बेटमैन’ को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति 9 वर्ष आयु तक की बच्चियों से सामूहिक यौन क्रियाओं में सम्मिलित था तथा एरिजोना, नेवादा, उटाह एवं नेब्रास्का में बाल यौन तस्करी भी करता था। इसने एरिजोना में अपनी बेटी सहित 15 वर्ष से कम आयु की 20 बच्चियों से शादी की। 

सैमुअल द्वारा ऐसी ही बच्चियों को ट्रेलर में बंद करके किसी जगह भेजने के दौरान बच्चियों ने किसी तरह अपनी उंगलियां बाहर निकाल कर इशारा किया जिस पर पुलिस ने ट्रेलर रुकवा कर उन्हें बाहर निकाला। सैमुअल की कार में भी 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 3 तथा 15 वर्ष की 2 बच्चियां तथा 2 महिलाएं मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से मिले दस्तावेजों के अनुसार उसने अपने 3 पुरुष अनुयायियों को भी अपनी बेटियों से यौन संबंध बनाने का निर्देश दिया जिनमें से एक तो 12 वर्ष की थी और स्वयं यह कुकृत्य देखता रहा। 

वह यह सब काम स्वयं को मसीहा बता कर करता था। उसने 2019 में लगभग 50 अनुयायियों के छोटे से समूह का नियंत्रण संभालने के बाद स्वयं को मसीहा घोषित करना शुरू कर दिया। धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करके इस प्रकार के नीचता पूर्ण कृत्यों से स्पष्ट है कि आज भी विकासशील तथा विकसित देशों में समान रूप से ऐसे दुष्ट प्रवृत्ति के लोग मौजूद हैं जो भोले-भाले लोगों का इस्तेमाल अपने अनुचित कृत्यों के लिए करके मानवता को लज्जित कर रहे हैं। ये मानव रूप में ऐसे वहशी दरिंदे हैं जिनके लिए सभ्य समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।-विजय कुमार                                    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News