‘देश में जबरन वसूली गिरोहों की’ सक्रियता से आम लोग दहशत में!
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 04:12 AM (IST)
राजधानी दिल्ली सहित देश के अनेक भागों में गैंगस्टरों और उनके गुर्गों के ‘जबरन वसूली गिरोह’ (रंगदारी मांगने वाले) सक्रिय हैं जो मांगी गई रकम न मिलने पर हत्या तक करने से संकोच नहीं करते।
ये गिरोह मुख्य रूप से व्यापारियों तथा आम लोगों तक को किसी न किसी बहाने निशाना बना कर ब्लैकमेल कर रहे हैं जिसकी इसी वर्ष की पिछले 5 महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 16 फरवरी को ‘गोरखपुर’ (उत्तर प्रदेश) में ‘पंकज दीक्षित’ नामक एक डाक्टर को असामाजिक तत्वों द्वारा 15 लाख रुपए रंगदारी देने का संदेश मिलने और रंगदारी न देने पर उसके होटल तथा पूरे परिवार को समाप्त कर देने की धमकी मिलने पर पूरा परिवार दहशत में आ गया।
* 4 अप्रैल को ‘खरगौन’ मध्य प्रदेश में एक कॉटन व्यापारी के घर पर अंधाधुंध गोलीबारी करके ‘लारैंस बिश्नोई गैंग’ के नाम पर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई और मांग पूरी न करने पर हैंंड ग्रेनेड से हमला करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया।
* 18 मई को ‘बोकारो’ (झारखंड) में रंगदारी की मांग के चलते ‘जयराम प्रसाद’ नामक व्यक्ति की कुछ लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी।
* 29 मई को ‘गाजीपुर’ (उत्तर प्रदेश) में होटल कारोबारी ‘आलोक राय’ द्वारा रंगदारी देने से इन्कार करने पर स्थानीय ‘कटरा गैंग’ के सदस्यों ने उनके बेटे ‘विनीत राय’ की हत्या कर दी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने बाद में एनकाऊंटर में उक्त कांड के मुख्य आरोपी ‘कमलेश’ को मार गिराया।
* 2 जून को ‘मुंगेर’ (बिहार) में अपराधियों ने रंगदारी न देने पर खेत में सो रहे किसान ‘मंसूरी यादव’ की गोली मार कर हत्या कर दी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व उक्त बदमाशों ने ‘मंसूरी यादव’ से रंगदारी की मांग की थी और न देने पर जान से मार देने की धमकी दी थी।
* 3 जून को ‘गुरुग्राम’ पुलिस ने रंगदारी के लिए लोगों का अपहरण करने वाले ‘नितिन’ को एनकाऊंटर में घायल करके गिरफ्तार किया।
* 17 जून को ‘पानीपत’ (हरियाणा) से एक 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण करके 1.5 करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के सिलसिले में पुलिस ने एक महिला सहित 3 आरोपियों को ‘रोहतक’ से गिरफ्तार करने के साथ ही बच्चे को भी उनके कब्जे से छुड़ाया।
* 26 जून को ‘असंध’ (हरियाणा) में एक मिष्ठïान भंडार के मालिक से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने तथा मांग पूरी न करने पर गोली मारने की धमकी देने के सिलसिले में पुलिस ने केस दर्ज किया।
* 29 जून को ‘साकची’ (जमशेदपुर, झारखंड) में एक युवक ने एक दुकानदार द्वारा रंगदारी देने से इंकार करने पर चाकुओं से वार करके उसे घायल कर दिया।
* 10 जुलाई को ‘जालंधर’ (पंजाब) में एक फायनैंसर को रास्ते में रोक कर और हथियार दिखा कर उससे फिरौती मांगने तथा विदेश के नम्बरों से फोन करवा कर उससे शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 12 जुलाई को ‘जालंधर’ (पंजाब) स्थित ‘कर्मा फैशन स्टूडियो’ के मालिक को विदेश में बैठे गैंगस्टर ‘डोनी बल’ ने 50 लाख रुपए फिरौती देने का संदेश भेजा और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
* 12 जुलाई को ही ‘दिल्ली’ पुलिस ने एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के मामले में विदेश में मौजूद गैंगस्टर ‘हैरी बॉक्सर’ के 3 शूटरों ‘शिव गोविंद’, ‘अभिनव’ उर्फ ‘आकाश’ तथा ‘विवेक’ को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने 3 अत्याधुनिक पिस्तौल, 26 कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किए।
इस प्रकार की घटनाओं के विषय में पुलिस का कहना है कि वसूली की काल आने के बाद बिचौलिए भी समझौता करवाने के लिए सक्रिय हो जाते हैं और इनमें कई पुलिस वाले भी शामिल हैं। जबरन वसूली करने वाले गिरोहों के कारण लोगों में दहशत व्याप्त है। अत: ऐसे गिरोहों को सख्तीपूर्वक फौलादी हाथों से कुचलने की आवश्यकता है ताकि लोग निर्भीकतापूर्वक अपना कारोबार कर सकें और निशिं्चत होकर जी सकें।—विजय कुमार
