‘अमरीका में गन कल्चर से जा रहीं’ बेकसूर लोगों की जानें!
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 02:54 AM (IST)
अमरीका में गन कल्चर लगातार जानलेवा होता जा रहा है। वर्ष 2023 में अमरीका में गोलीबारी की घटनाओं में लगभग 44,000 लोगों की मौत हुई थी जो 2024 में बढ़ कर 44,447 हो गई और यह समस्या अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही। स्थिति की गंभीरता का अनुमान पिछले लगभग अढ़ाई महीनों में हुई निम्न घटनाओं से लगाया जा सकता है :
* 4-5 जुलाई को देश के कई राज्यों (‘न्यूयॉर्क’, ‘फ्लोरिडा’, ‘कैलिफोॢनया’, ‘मिसिसिपी’ और ‘साऊथ कैरोलीना’) में अंधाधुंध फायरिंग की घटनाओं में कम से कम 43 लोग मारे गए।
* 19 जुलाई को एक ही वीकेंड पर अमरीका के विभिन्न राज्यों (‘एरिजोना’, ‘कोलोराडो’, ‘डेलवेयर’, ‘मिनेसोटा’ आदि) में हुई गोलीबारी की 9 अलग-अलग घटनाओं में 9 लोग मारे गए व 60 से अधिक घायल हो गए।
* 26 जुलाई को ‘सिएटल’ में ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फैस्टिवल के दौरान दो समूहों के बीच हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए।
* 1 अगस्त को ‘इडाहो’ राज्य के ‘ट्विन फॉल्स’ में एक कमर्शियल शॉपिंग एरिया में एक रेस्तरां के पास एक हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिससे 1 रेस्तरां कर्मचारी सहित 3 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया।
* 5 अगस्त को ‘नॉर्थ कैरोलीना’ के ‘प्रॉस्पैक्ट हिल’ में सुबह के समय हुई गोलीबारी में हमलावर सहित 3 लोगों की मौत हो गई।
* 23 अगस्त को ‘मोंटाना’ के ‘बिलिंग्स’ में एक मकान के अंदर पारिवारिक डिनर के दौरान 44 वर्षीय ‘एलन माइकल स्मिथ’ नामक व्यक्ति ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गोलियां चलाने और फिर घर में आग लगा देेने से 4 बच्चों सहित कुल 9 लोगों की मौत हो गई। यह ‘मोंटाना’ के इतिहास की सबसे दर्दनाक गोलीबारी की घटनाओं में से एक है। घटना के बाद हमलावर भी मृत पाया गया।
* 29 अगस्त को ‘शिकागो’ के ‘वाशिंगटन पार्क’ में देर रात एक भीड़ पर अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए।
* 30 अगस्त को ‘न्यू जर्सी’ के ‘ट्रैंटन’ में एक पार्टी के दौरान भीड़ पर हुई गोलीबारी से 2 लोगों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए।
* 2 सितम्बर को ‘वर्जीनिया’ के ‘वेन्सबोरो’ स्थित ‘वैस्टवुड हिल्स एलीमैंट्री स्कूल’ में एक 19 वर्षीय बंदूकधारी जबरन घुस गया। उसने स्कूल के एक कर्मचारी को गोली मारकर घायल कर दिया और बाद में स्कूल की लाइब्रेरी में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
* 2 सितम्बर को ही ‘मिनियापोलिस’ के लोरिंग पार्क इलाके की एक आवासीय इमारत में हुई गोलीबारी में 2 नागरिकों की मौत हो गई तथा संदिग्ध हमलावर भी घटनास्थल पर मृत मिला। गोलियों की आवाज सुनकर पहुंची पुलिस को इमारत के भीतर भी खतरे का सामना करना पड़ा। लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
* 3 सितम्बर को ‘मिनेसोटा’ के ‘मिनियापोलिस’ शहर में हुई गोलीबारी की घटना में 2 लोगों की मौत हो गई व 3 पुलिस अधिकारी घायल हो गए।
* 13 सितम्बर को ‘टैक्सास’ के ‘सैन बेनिटो’ में बंदूक हिंसा की एक बड़ी वारदात में 4 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
* 16 सितम्बर रात को ‘बाल्टीमोर’ में अंधाधुंध गोलीबारी की एक घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
* और अब 21 सितम्बर को ‘ऑस्टिन, टैक्सास’ में इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समैंट एजैंट ने एक व्यक्ति को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अमरीका में गोलीबारी की घटनाओं में वृद्धि का बड़ा कारण यह है कि वहां बन्दूक तथा कोई भी अन्य हथियार खरीदना बड़ा आसान है। वहां लोगों के पास करीब 39 करोड़ हथियार हैं और यह संख्या प्रति व्यक्ति हथियार उपलब्धता के मामले में भारत की तुलना में 23 गुणा अधिक है। अर्थात हर अमरीकी नागरिक के पास औसतन एक से अधिक हथियार हैं। हालांकि, लगभग 53 प्रतिशत अमरीकी देश में हथियारों पर प्रतिबंध के लिए कठोर कानूनों के पक्ष में हैं परंतु इसके बावजूद ऐसा कानून पारित नहीं किया जा सका। अत: जब तक अमरीका में गन कल्चर पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून नहीं बनाया जाएगा, तब तक वहां इसी तरह गोलीबारी होती रहेगी और लोग मरते रहेंगे।—विजय कुमार
