उत्तराखंड में हार कर भी पुष्कर सिंह धामी बने दोबारा मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Wednesday, Mar 23, 2022 - 03:44 AM (IST)

गोवा, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्रियों को दोहराने का फैसला किया है। जहां गोवा में प्रमोद सावंत को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है, वहीं उत्तराखंड में भी भाजपा ने खटीमा से चुनाव हारने वाले पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की बागडोर दोबारा सौंपने की घोषणा की है जो 23 मार्च को मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद लगातार 2 बार राज्य की कमान संभालने वाले पहले मुख्यमंत्री बन जाएंगे। 

अनेक चुनौतियों के बीच धामी ने कई आर्थिक पैकेजों की घोषणा तथा चार धाम बोर्ड भंग कर पार्टी की जीत का रास्ता आसान किया, जो उनके स्वयं चुनाव हारने के बावजूद उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने का कारण बना। हालांकि पिछले चुनावों में मिले 33 प्रतिशत वोटों की तुलना में इस बार उनका वोट प्रतिशत बढ़ कर 48.80 हो गया। 

भाजपा ने हारे हुए पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री चुनकर गत वर्ष पश्चिम बंगाल की कहानी ही दोहराई है, जब तृणमूल कांग्रेस ने तो प्रचंड बहुमत के साथ विजय प्राप्त कर ली थी परन्तु मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव हारने के बावजूद टी.एम.सी. विधायक दल की नेता चुनी गईं और मुख्यमंत्री बनने के बाद भवानीपुर से उप-चुनाव में विजय प्राप्त करके विधानसभा की सदस्य बनीं। तब भाजपा ने यह कहते हुए उनके विरुद्ध मोर्चा खोल दिया था कि चुनाव में हारे किसी उम्मीदवार को मुख्यमंत्री बनने का नैतिक अधिकार नहीं है। 

स्पष्टत: भाजपा नेतृत्व ने पुष्कर धामी के पिछले कार्यकाल के अच्छे कार्यों के कारण उन्हें दूसरी बार मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा है। अब यह तो समय ही बताएगा कि अपनी दूसरी पारी में भी वह कितने जनहितकारी कार्य कर पाएंगे और पार्टी को कितना जोड़ कर रख पाते हैं।—विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News