‘सोशल मीडिया पर युवकों से दोस्ती कर’ जिंदगी तबाह कर रही चंद युवतियां!

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 04:02 AM (IST)

पिछले कुछ वर्षों के दौरान ‘फेसबुक’,‘इंस्टाग्राम’ और ‘स्नैपचैट’ जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर चंद युवक-युवतियों द्वारा आपस में दोस्ती करने का रुझान बढ़ गया है जिसे ‘ऑनलाइन फ्रैंडशिप’ कहा जाता है। इनके जरिए युवक दोस्ती के नाम पर अपनी ऑनलाइन फ्रैंड्स को धोखा देने, उनका यौन शोषण करने और ब्लैकमेल करके पैसे वसूलने में भी संकोच नहीं करते जिससे उनकी चाल में फंसने वाली युवतियों की जिंदगियां तबाह हो रही हैं। ऐसी इसी वर्ष की चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 6 जनवरी को ‘पालघर’ (महाराष्टï्र) में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को ‘इंस्टाग्राम’ पर प्रेम जाल में फंसा कर अगवा करने, महीनों तक उसका यौन शोषण करने तथा घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 12 जनवरी को ‘पाली’ (राजस्थान) की एक नाबालिगा से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करने के बाद एक युवक उसे दिल्ली ले आया और किराए के मकान में रखकर उसका कई बार शोषण किया। जब लड़की ने उससे शादी करने के लिए कहा तो उसे पीटा गया। पुलिस ने नाबालिगा की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध ‘पोक्सो एक्ट’ के तहत केस दर्ज किया। 
* 5 मई को ‘सीकर’ (राजस्थान) में एक महिला ने अपने ‘ऑनलाइन फ्रैंड’ पर शादी का झूठा वादा कर उससे बलात्कार करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। 
* 20 जून को ‘बेंगलुरु’ (कर्नाटक) में पुलिस ने एक व्यक्ति को एक महिला से ऑनलाइन दोस्ती करके उसे किराए पर कमरा दिलाने के बहाने एक लॉज में ले जाकर उससे बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया। 

* 23 जून को ‘बुराड़ी’ (दिल्ली) में एक महिला ने अपने ‘ऑनलाइन फ्रैंड’ के विरुद्ध रील बनाने के बहाने उसे एक होटल में बुला कर उससे बलात्कार करने और घटना का वीडियो बना कर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई । 
* 16 जुलाई  को ‘कोलकाता’ (पश्चिम बंगाल) में एक महिला ने अपने ‘ऑनलाइन फ्रैंड’ पर उसे डरा-धमका कर उससे बलात्कार करने केे आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
* 5 अगस्त को ‘बुलंदशहर’ (उत्तर प्रदेश) में एक युवती ने राजस्थान के एक युवक के विरुद्ध उसके साथ ‘इंस्टाग्राम’ के जरिए दोस्ती करने के बाद उसे नशीली पेस्ट्री खिलाकर बेहोश करके उसके साथ बलात्कार करने और घटना का अश्लील वीडियो बना कर ब्लैकमेल करके लाखों रुपए वसूलने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
* 6 अगस्त को ‘नागपुर’ (महाराष्टï्र) में ‘इंस्टाग्राम’ पर दोस्ती के बाद एक नाबालिगा को बंधक बना कर अपने पास रखने और उसका यौन उत्पीडऩ करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया।

* 6 अगस्त को ही ‘ग्वालियर’ (मध्य प्रदेश) में एक युवती ने ‘इंस्टाग्राम’ पर बने दोस्त के विरुद्ध उसे नौकरी दिलाने के बहाने ‘मुरैना’ के एक होटल में ले जाकर उससे बलात्कार करने के आरोप में शिकायत दर्ज करवाई। 
* 12 अगस्त को ‘सूरत’ (गुजरात) में पुलिस ने एक युवक को एक महिला से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद डरा-धमका कर उससे कई बार बलात्कार करने और उसका वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर 36 तोले सोना व नकदी वसूल करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
* और अब 16 अगस्त को ‘नई दिल्ली’ में एक मेकअप आर्टिस्ट महिला को उसके ‘ऑनलाइन फ्रैंड’ द्वारा काम दिलाने और शादी का झांसा देकर नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार करने का मामला सामने आया है।
उक्त घटनाओं से स्पष्टï है कि जवानी के जोश में सोशल मीडिया के जरिए युवकों से दोस्ती करना किस कदर खतरनाक हो सकता है। अत: महिलाओंं को सावधानी बरतने की जरूरत है।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News