राजद का चुप्पी साबित करता है कि तेजस्वी पर लगे आरोप सही हैं:मोदी

punjabkesari.in Saturday, Jul 22, 2017 - 07:26 PM (IST)

पटना : बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधान मंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक दल के नेता एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर उनकी पार्टी का चुप्पी साधे रहना यह साबित करता है कि उन पर (तेजस्वी यादव) लगे सभी आरोप सही हैं।

मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ महागठबंधन के नेता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कभी अपने अन्य घटक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से टेलीफोन पर बात करते हैं तो कभी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से गुहार लगा कर अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भ्रष्टाचार के मामले में केन्द्रीय जांच  ब्यूरो (सीबीआई) से आरोपित हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का इस्तीफा नहीं ले सके और ऐसे में अब वह किस मुंह से तेजस्वी यादव को इस्तीफा देने के लिए सुझाव देंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद और कांग्रेस से सदाचार की उम्मीद करना बेमानी है।

भाजपा नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का प्रमुख घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बिन्दुवार जवाब मांगे जाने के 15 दिन बाद भी राजद चुप्पी साधे हुए है। इससे यह स्पष्ट होता है कि राजद ने भी यह स्वीकार कर लिया है कि तेजस्वी यादव पर लगे सभी आरोप सही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में अब तेजस्वी यादव के पास इस्तीफा देने या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उन्हें बर्खास्त करने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News