दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोक कुमार वर्मा CBI के नए निदेशक नियुक्त

punjabkesari.in Friday, Jan 20, 2017 - 08:22 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोक कुमार वर्मा को आज केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का नया निदेशक नियुक्त किया गया। वह अंतरिम निदेशक के तौर पर कार्य कर रहे राकेश अस्थाना का स्थान लेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीबीआई निदेशक के चयन को प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली एक 3 सदस्यीय समिति ने मंजूरी दी है जिसमें उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जे.एस. खेहर और लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े हैं। उनका कार्यकाल 2 वर्ष का होगा। वर्मा भारतीय पुलिस सेवा के 1979 बैच के अरूणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और संघ शासित प्रदेश कॉडर के अधिकारी हैं। 

फरवरी 2016 में उन्होंने पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी के सेवानिवृत होने के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला था उनका कार्यकाल इस वर्ष जुलाई तक था। वर्मा दिल्ली पुलिस आयुक्त बनने से पहले तिहाड़ जेल के महानिदेशक पद पर थे। इसके अलावा वह अंडमान निकोबार द्वीप समूह के महानिरीक्षक और पुड्डुचेरी के पुलिस महानिदेशक भी रह चुके हैं। अपने करियर के दौरान वर्मा ने दिल्ली पुलिस ने विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वर्मा दक्षिण जिला के पुलिस उपायुक्त, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त, खुफिया विभाग के विशेष आयुक्त और सतर्कता विभाग के विशेष आयुक्त भी रह चुके हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News