बागी सांसदों गांधी और खालसा पर कार्रवाई को लेकर दुविधा में ‘आप’

punjabkesari.in Thursday, Apr 21, 2016 - 10:00 AM (IST)

चंडीगढ़, (भारद्वाज): आम आदमी पार्टी (आप) अपने 2 बागी सांसदों डॉ. धर्मवीर गांधी और हरिंद्र सिंह खालसा पर कार्रवाई को लेकर अभी दुविधा में है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में दोनों काफी समय से ‘आप’ से निलंबित हैं लेकिन अभी तक उनके निष्कासन पर कोई फैसला नहीं हुआ है।
 
निलंबन के बाद और पहले से डॉ. गांधी व खालसा लगातार ‘आप’ नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर उंगलियां उठाते रहे हैं। अब दोनों के स्वराज अभियान के साथ जुडऩे की प्रबल संभावनाएं हैं। इसके बावजूद ‘आप’ उन्हें पार्टी से निकालने पर असमंजस में है। सूत्रों के अनुसार अभी ‘आप’ आलाकमान दोनों सांसदों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। पार्टी चाहती है कि वे खुद ही स्वराज अभियान के राजनीतिक दल से औपचारिक तौर पर जुड़ जाएं ताकि उन्हें निकालना न पड़े। ऐसे में उनकी लोकसभा सदस्यता भी खतरे में होगी।
 
यदि ‘आप’ अपनी तरफ से इन दोनों बागी सांसदों को पार्टी से निकालती है तो नियमानुसार उनकी लोकसभा सदस्यता बची रहेगी। 
इसे ध्यान में रखकर ही डॉ. गांधी और खालसा भी खुद पार्टी न छोड़कर ‘आप’ की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही लगातार पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयान दागते रहते हैं। यहां तक कि डॉ. गांधी तो ‘आप’ से अलग होकर स्वराज अभियान की अगुवाई कर रहे योगेंद्र यादव के साथ प्रैस कॉन्फ्रैंस तक को संबोधित कर चुके हैं। अभी डॉ. गांधी कनाडा दौरे पर हैं। उनकी अगलेे महीने वापसी के बाद प्रदेश की ‘आप’ व स्वराज अभियान से संबंधित राजनीति नया मोड़ ले सकती है।
 
अभी कोई और फैसला नहीं : संजय सिंह : ‘आप’ के पंजाब 
मामलों के प्रभारी संजय सिंह ने इस बारे में बात करने पर कहा कि डॉ. गांधी व खालसा अभी पार्टी से निलंबित हैं। उनके संबंध में कोई और 
फैसला अभी नहीं लिया गया है। आगे का कोई भी निर्णय सही वक्त आने पर लिया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News