टावर लगवाने के नाम पर ठगे डेढ़ लाख रुपए

Wednesday, Aug 05, 2015 - 02:00 AM (IST)

रादौर (रविन्द्र): टावर लगवाने के नाम पर ठगी का शिकार हुई एक विधवा महिला ने जिला उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि गांव बुबका निवासी 3 लोगों ने साजिश के तहत उसे उसके खाली प्लाट में टावर लगवाने का झांसा दिया और इसकी एवज में उससे करीब डेढ़ लाख रुपए की नकद राशि हड़प ली। उसके बाद आरोपियों ने न तो उसके प्लाट में टावर लगाया और न ही पैसे वापस किए। मामले की शिकायत वह थाना रादौर में भी कर चुकी है लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उसकी शिकायत पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
 
 जिस पर महिला ने अब जिला उपायुक्त से मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। जिला उपायुक्त को दी शिकायत में वार्ड 10 निवासी कृष्णा देवी ने बताया कि वह एक विधवा महिला है जो मेहनत मजदूरी कर अपना गुजारा चलाती है। करीब एक वर्ष पहले उसके घर के पास ही एक मैडीकल की दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने उसे झांसा दिया कि वह उसके खाली प्लाट में मोबाइल टावर लगवा देगा जिससे उसकी मासिक आमदनी हो जाएगी। 
 
इसके लिए उसने अपने 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर उससे करीब डेढ़ लाख रुपए की नकद राशि हड़प ली। पैसे लेने के बाद भी जब उसने टावर नहीं लगवाया तो मैंने उससे अपने पैसे की मांग की लेकिन आरोपियों ने न तो उसे पैसे वापस दिए और न ही अभी तक उसकी जमीन पर टावर लगवाया। जब उसने उक्त लोगों पर उसके पैसे वापस किए जाने का दबाव बनवाया तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। कृष्णा देवी ने जिला उपायुक्त से मांग की कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलवाया जाए। 
 
Advertising