एसबीएसटीसी अनुबंध कर्मचारियों की हड़ताल छठे दिन भी जारी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2022 - 09:36 PM (IST)

कोलकाता, 27 सितंबर (भाषा) दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम (एसबीएसटीसी) के अनुबंधित कर्मचारियों की हड़ताल का असर राज्य परिवहन उपक्रम की बस सेवाओं पर मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा।

हालांकि, परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने उनसे दुर्गा पूजा के मद्देनज़र हड़ताल वापस लेने की अपील की थी।

एसबीएसटीसी के अनुबंधित कर्मचारी, मुख्य रूप से चालक और उनके सहायकों ने तब तक हड़ताल जारी रखने को कहा है जब तक कि उन्हें मंत्री द्वारा एक महीने में 26 कार्यदिवस का आश्वासन लिखित रूप में नहीं मिल जाता।

कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने का आग्रह करते हुए, चक्रवर्ती ने कहा, “मैंने एसबीएसटीसी प्रबंधन से यह सुनिश्चित करने को लिए कहा है कि आपके (हड़ताली अनुबंध कर्मचारियों) लिए महीने में 26 कार्य दिवस की व्यवस्था की जाए।”
उन्होंने अपनी सोमवार की बात को दोहराया कि दुर्गा पूजा उत्सव के बाद कर्मचारियों की सवैतनिक अवकाश की मांग पर चर्चा की जाएगी।

एसबीएसटीसी के अनुबंधित कर्मचारी स्थायी कर्मचारियों के समान वेतन देने समेत कई मांगों को लेकर 22 सितंबर से हड़ताल पर हैं।

वहीं, हड़ताली कर्मचारियों के एक सदस्य ने कहा, “हम आंदोलन वापस लेने का फैसला करने से पहले प्रबंधन से हमारी मांगों को पूरा करने का आश्वासन लिखित में चाहते हैं।”
एसबीएसटीसी द्वारा चलाई जाने वाली बसों का एक छोटा हिस्सा निगम के स्थायी कर्मचारियों द्वारा चलाया जाता है।

हड़ताल के कारण दक्षिण बंगाल के जिलों में बस परिवहन प्रभावित हुआ है, जिसमें कोलकाता से आने-जाने वाली सेवाएं भी शामिल हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News