राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए ममता ने दीपक, बजरंग और साक्षी को बधाई दी

Saturday, Aug 06, 2022 - 02:20 PM (IST)

कोलकाता, छह अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए पहलवान दीपक पुनिया, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक को शनिवार को बधाई दी।

तीनों पहलवानों की तारीफ करते हुए ममता ने कहा कि उनकी उपलब्धियां देश के लिए गौरव का पल हैं।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “भारत के लिए यह गर्व का पल है, क्योंकि हमारे बेहद प्रतिभाशाली एथलीट ने कुश्ती में बाजी मारी है। दीपक पुनिया (पुरुष 86 किलोग्राम फ्रीस्टाइल), बजरंग पुनिया (पुरुष 65 किलोग्राम), साक्षी मलिक (महिला 62 किलोग्राम) को राष्ट्रमंडल खेल-2022 में स्वर्ण पदक जीतने के लिए हार्दिक बधाई। सभी विजेताओं को नमन!”
बजरंग ने राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा में अपने करियर का दूसरा, जबकि दीपक और साक्षी ने पहला स्वर्ण पदक हासिल किया है। भारतीय एथलीट राष्ट्रमंडल खेल-2022 में अब तक 26 पदक जीत चुके हैं, जिनमें नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising