वाह भाई! दूल्हा नहीं गिन पाया शगुन के 2,100 रुपए... गुस्से में दुल्हन ने उठाया बड़ा कदम

Monday, Jan 23, 2023 - 11:37 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। फर्रुखाबाद के एक गांव में पड़ोस के जिले मैनपुरी से बारात आई थी। स्वागत की सारी तैयारियां हो गई थीं। दुल्हन के परिजन और रिश्तेदार बारात में आए लोगों के स्वागत में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ रहे थे। इसी बीच, दूल्हे के गांव से आए किसी बाराती के मुंह से निकला-‘चलो अनपढ़ की भी बारात चढ़ ही गई’। 

दुल्हन और उसके परिवार वालों तक भी यह बात पहुंच गई। इसके बाद दुल्हन के भाई ने कहा कि हम आगे की रस्म दूल्हे की एक परीक्षा लेने के बाद करेंगे। उसने दूल्हे को शगुन के नाम पर 100-100 रुपए के 21 नोट थमाए और कहा कि इन्हें गिनो। बस फिर क्या था दूल्हा वहीं पर फंस गया और उसकी अनपढ़ होने की पोल खुल गई। वह 2,100 रुपए भी नहीं गिन पाया। 


जब दुल्हन को दूल्हे के अनपढ़ होने की बात का पता चला तो वह भड़क गई। दुल्हन ने बारात और शादी में आए सभी लोगों के सामने साफ-साफ कह दिया कि मैं एक अनपढ़ लड़के से शादी नहीं करूंगी। दुल्हन ने कहा कि वह ऐसे लड़के से शादी नहीं कर सकती जो अनपढ़ है और 2,100 रुपए भी नहीं गिन पाया। दुल्हन को इस तरह भड़का देख उसके परिवार वालों ने उसे शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन यह बात धीरे-धीरे आगे फैल गई और सभी जगह हड़कंप मच गया।

Anil dev

Advertising