उत्तराखंड के प्रवासियों को लेकर पुणे से पहली स्पेशल ट्रेन पहुंची हरिद्वार

Tuesday, May 12, 2020 - 06:02 PM (IST)

देहरादून/ ब्यूरो। प्रवासी उत्तराखंडियों को लेकर पुणे से पहली ट्रेन मंगलवार को हरिद्वार पहुंची। हरिद्वार पहुंचने पर जिला प्रशासन ने यात्रियों का तालियां बजाकर स्वागत किया।यात्रियों के स्वागत में स्टेशन को भी सजाया गया था।
 

यात्रियों की हुई थर्मल स्कैनिंग
पुणे से हरिद्वार आने वाली इस ट्रेन में 1207 यात्री आए हैं। यह ट्रेन दोपहर बाद तीन बजे हरिद्वार स्टेशन पहुंची। इसमें आधे से ज्यादा यात्री हरिद्वार के हैं। बाकी यात्री गढ़वाल के अन्य जिलों के हैं। यहां पहुंचने पर सबसे पहले यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की गई। उनके स्वास्थ्य की जांच के बाद स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से नाश्ता उपलब्ध कराया गया।


प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में ही बसों का इंतजाम किया गया था। इन यात्रियों को बसों के माध्यम से उनके जिलों के लिए रवाना किया गया। लंबे समय बाद अपने घर आने पर यात्रियों की खुशी का ठिकाना नहीं था। 


यात्रियों का कहना था कि लम्बे समय से पुणे में फंसे थे। यात्रियों ने सरकार का आभार जताया। प्रवासियों को उत्तराखंड लेकर आने वाली यह पहली ट्रेन है। इसके बाद अन्य ट्रेन भी प्रवासियों को लेकर आ रही हैं। अब प्रवासी अपने प्रदेश आ गए हैं। अब सरकार के सामने इनको होम क्वेरटाईन करने की चुनौती है। सरकार की ओर से प्रवासियों के  स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाएगी।

Murari Sharan

Advertising