अमित शाह के देहरादून पहुंचने पर जाम के झाम में फंसे रहे लोग

punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2017 - 11:47 AM (IST)

देहरादून: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के देहरादून में पहुंचते ही शहर वासियों की भी फजीहत रही। पार्टी अध्यक्ष के लिए सरकार से लेकर भाजपा संगठन ने शहर को ऐसा दिखाने की कोशिश की कि मानों शहर में न जाने कौन आ रहा हो। शाह के दौरे को लेकर प्रशासन से लेकर संगठन तक ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

शहर का ऐसा कोई चौक या चौराहा नहीं था जहां शाह के स्वागत के इंतजाम न किए गए हों। दौरे के कारण पूरा शहर अस्त-व्यस्त रहा, लोग जगह-जगह घंटों तक जाम में फंसे रहे। आलम यह था कि जाम के कारण एम्बुलेंस के लिए भी जाने की व्यवस्था राजपुर रोड पर नहीं थी, वहीं स्कूलों से छोटे बच्चे भी छुट्टी होने के बाद जाम में फंसे रहे। जाम में फंसी जनता भी परेशान रही। इसके अलावा चौराहों को पूरी तरह से गुब्बारों से पाट दिया गया था।

सूत्रों के अनुसार अमित शाह के दौरे को लेकर सरकार की ओर से जमकर पैसा बहाया गया, जितना भी शहर में ताम-झाम दिखा उसका हर खर्च सरकारी स्तर से वहन किया जा रहा है। ई.सी. रोड पर सचिवालय के पास तो फिजूलखर्ची का सबसे बड़ा उदाहरण देखने को मिला, यहां रातों-रात पाम के विशालकाय पेड़ लगा दिए गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News