पिछड़े वर्ग के छात्रों को CM आज देंगे बड़ा तोहफा, पांच लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति करेंगे ट्रांसफर

punjabkesari.in Friday, Oct 17, 2025 - 08:55 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार यानी आज को लगभग पांच लाख छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित करेंगे। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोक भवन में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में प्रदेश के कक्षा नौ से 12 तक के चार लाख 83 हजार छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 126.68 करोड़ रुपये अंतरित करेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने पहली बार पिछले महीने ही छात्रवृत्ति वितरण की शुरुआत की थी। पहले चरण में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 62.13 करोड़ रुपये की धनराशि बतौर छात्रवृत्ति दी गई थी। कश्यप ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वंचित एवं कमजोर आय वर्ग के छात्रों के शैक्षिक उन्नयन के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाया है।

 इसी के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली बार सितंबर से ही छात्रवृत्ति वितरण प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि 2016-17 में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का बजट 1,295 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में ढाई गुना से अधिक करते हुए 3,124.45 करोड़ रुपये कर दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News