''UP में पत्रकारों पर पुलिस की बर्बरता नहीं करेंगे बर्दाश्त''

Sunday, Nov 29, 2015 - 05:15 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए सपा सरकार की निन्दा करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने आज कहा कि पुलिस अब पत्रकारों के साथ भी बर्बरता कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन कर दोषी पुलिसकर्मियों को दंडित कराएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने यहां संवाददाताआें से कहा, ‘‘पत्रकारों को चिह्नित करके पीटा जा रहा है। पुलिस ये बहाना नहीं बना सकती कि अनजाने में किसी पत्रकार को लाठी पड़ गई। 


बाकायदा कैमरों के बैग या वीडियो कैमरा लिए पत्रकारों को पहचान कर उनकी पिटाई की जा रही है।’’ वाजपेयी ने आगरा, वाराणसी, एटा, कानपुर, शाहजहांपुर जिलों में पत्रकारों के साथ हुई बर्बरता की वीडियो क्लिप और सीसीटीवी फुटेज भी प्रेस कांफ्रेंस में जारी किए। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता या महिलाआें के साथ बर्बरता करती है। जब कोई पत्रकार उसे कैमरे में उतारना चाहे तो उसे लाठी खानी पड़ती है।


‘‘हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं। कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। दोषी पुलिसकर्मियों की पहचान कर उन्हें दंडित कराया जाएगा।’’ वाजपेयी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मांग की कि लोकतंत्र के चौथे खंभे पर हो रहे हमले रूकवाएं और पत्रकारों पर लाठियां भांजने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें अन्यथा भाजपा प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।

Advertising