J-K: PAK ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, 1 जवान शहीद

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 02:08 PM (IST)

जम्मू  : जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सीमा पर पिछले 4-5 दिनों से लगातार गोलीबारी जारी है। पूंछ के मेंढर सेक्टर में पाकिस्तान ने फिर सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाक की गोलीबारी के चलते भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है। जिसका नाम चंदन कुमार राय बताया जा रहा है।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के शनिवार शाम 4 बजकर 20 मिनट पर मोर्टारों और हल्के हथियारों से मेंधर सेक्टर में भारतीय सीमा चौकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया और इसी दौरान सिगनल मैन चंदन कुमार राय बुरी तरह घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने अंतिम सांस ली।

उन्होंने बताया कि वह उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले की साकलदिखा तहसील के नादेसार गांव का रहने वाला था और उसके परिवार में पिता सत्य प्रकाश हैं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा व नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर की जा रही गोलीबारी के शनिवार को सेना के एक जवान समेत 3 लोग मारे गए तथा 6 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन दिनों में हुए संघर्षविराम उल्लंघन में अब तक 9 लोग मारे गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News