पूर्वजों के संकल्पों, वर्तमान के सपनों की आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला हो भारत: CM योगी

punjabkesari.in Monday, Sep 22, 2025 - 01:28 AM (IST)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में प्रबुद्ध वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत को पूर्वजों के संकल्पों, वर्तमान की आकांक्षाओं और भावी पीढ़ी के सपनों को साकार करने वाला राष्ट्र बनाना है।

2047 तक एक विकसित भारत की कल्पना को साकार करने के लिए हर वर्ग दें योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव वर्ष में दिए गए आह्वान के अनुरूप 2047 तक एक विकसित भारत की कल्पना को साकार करने के लिए हर वर्ग को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि यह समय स्वार्थी और विभाजनकारी राजनीति से ऊपर उठकर विकास को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का है।

प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान
योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया कि वे समाज को दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी वर्ग जब एकजुट होकर समाज के हित में आगे बढ़ता है, तो कोई भी ताकत देश को प्रगति से नहीं रोक सकती। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विजन डॉक्यूमेंट की चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले से अच्छे सुझावों को आमंत्रित किया जाएगा। जनपद स्तर पर तीन और प्रदेश स्तर पर पांच श्रेष्ठ सुझावों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि विभिन्न संस्थान इस अभियान का केंद्र बिंदु बनें और विचार-विमर्श के माध्यम से जनमानस को जोड़ा जाए।

भारत तभी विकसित बनेगा जब UP विकसित होगा
मुख्यमंत्री ने विकास को स्थानीय स्तर से शुरू करने की बात करते हुए कहा, "भारत तभी विकसित बनेगा जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा, और उत्तर प्रदेश तभी आगे बढ़ेगा जब उसके गांव, कस्बे और नगर आगे बढ़ेंगे।" अपने संबोधन के दौरान योगी ने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु के एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए व्यवहार के प्रभाव की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि कैसे समान परिस्थितियों में पले-बढ़े दो पौधों में से वह पौधा फलता-फूलता है जिसे स्नेह मिलता है, जबकि तिरस्कार से पला पौधा नष्ट हो जाता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News