‘‘राजभवन’’ को ‘‘राजनीति भवन’’ न बनाएं: आजम

Wednesday, Aug 26, 2015 - 03:08 PM (IST)

लखनऊः लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर राजभवन और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच चल रही रार के बीच राज्य विधानसभा में आज सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों ने राज्यपाल राम नाईक पर जमकर हमला बोला और कहा कि ‘‘राजभवन’’ को ‘‘राजनीति भवन’’ नहीं बनाया जाना चाहिए। शून्य प्रहर शुरु होते ही संसदीय कार्यमंत्री मोहम्मद आजम खां ने कहा कि नगर पालिका संशोधन विधेयक दोनों सदनों ने पारित कर अनुमोदन के लिए राज्यपाल राम नाईक के पास भेजा।

राज्यपाल उस पर कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल की इस भूमिका को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय को लेकर कुछ लोगों को दिक्कतें हो सकती हैं, क्योंकि वह उससे सीधे जुडे हैं लेकिन नगर पालिका संशोधन विधेयक तो आम जनता से जुडा है। खां के बयान पर आपत्ति जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना ने कहा कि राज्यपाल पर सदन में चर्चा नहीं हो सकती। राज्यपाल के बारे में की गई टिप्पणी को भी उन्होंने सदन की कार्यवाही से निकालने की मांग की। 
Advertising