यहां भगवान से पहले होते है भिखारियों के दर्शन!

Sunday, Aug 23, 2015 - 05:42 PM (IST)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश में रामनगरी अयोध्या में चल रहे प्रसिद्ध सावन झूला मेला में श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन से पहले भिखारियों के दर्शन होते हैं।  मंदिर के पुजारी रामदास ने बताया कि मेले के दौरान अयोध्या में काफी संख्या में भिखारी यहां आ जाते हैं और स्थानीय भिखारियों के सहयोग से वे यहां अयोध्या के प्रसिद्ध मंदिरों में भीख मांगते हैं। उन्होंने बताया कि विवादित श्रीरामजन्मभूमि परिसर के बाहर और प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर, कनक भवन और नागेश्वरनाथ मंदिर में काफी संख्या में इन भिखारियों को देखा जा सकता है। 

महंत श्यामचरण दास ने बताया कि मेले के दौरान इन भिखारियों की संख्या हजारों में पहुंच जाती है। ये भिखारी अपने परिवार सहित यहां आते हैं। उन्होंने बताया कि दूरदराज के गांवों से आए श्रद्धालुओं को पहले भिखारियों के दर्शन करने के बाद ही रामलला के दर्शन हो पाते हैं। गोरखपुर से आए एक श्रद्धालु कबीरदास ने बताया कि मेले में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाने के बाद भी कई श्रद्धालु लालची भिखारी के शिकार बन जाते हैं। भीख मांगने वालों में नवयुवक, नवयुवतियां व बच्चे भी शामिल होते हैं। 

Advertising