बवाल के बाद हिरासत में मुर्गा, तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात

Thursday, Jul 30, 2015 - 08:28 PM (IST)

कानपुर: यूपी के कानपुर में एक मुर्गे ने ऐसा बवाल मचाया कि पुलिस भी सकते में आ गई। इतनी बिगड़ गई कि तीन थानों की पुलिस फोर्स लगानी पड़ी। आखिरकार बवाली मुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार कर दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, कर्नलगंज थाना क्षेत्र के लुधौरा इलाके में आरोपी मुर्गे ने एक व्यक्ति को काट लिया। उसके बाद मुर्गा मालिक और पीड़ित पक्ष के बीच बवाल हो गया। दर्जनों लोग जमकर एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। मौके पर पहुंची थाने की पुलिस के हाथ से स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी।
 
तीन थानों की पुलिस ने संभाली कमान -
इसके बाद पुलिस के आलाधिकारियों ने तीन थानों की पुलिस फोर्स बुलाई। आरोपी मुर्गे सहित दोनों पक्षों के मालिकों को हिरासत में ले लिया गया. दोनों पक्षों पर बलवा, मारपीट और शांति भंग के आरोप में केस दर्ज करके बाकी बवालियों की पुलिस तलाश कर रही है। 
 
मुर्गे के काटने पर बवाल-
पुलिस के मुताबिक, लुधौरा का रहने वाला गुलजार सामान खरीदने गया था। यहां पर एक मुर्गे ने उसे काट लिया। इस पर गुलजार मुर्गे के मालिक शेरा से झगडऩे लगा। इस बीच शेरा के कुछ दोस्तों ने गुलजार को पीट दिया। कुछ देर बाद गुलजार अपने दर्जनभर साथियों के साथ आया और शेरा का घेरकर पथराव करने लगा। इलाके में स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पहुंची तीन थानों की पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में लिया। बवाल-ए-जान मुर्गे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों पर केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है। करीब चार घंटे के बाद मुर्गे को छोड़ दिया गया।
Advertising