राष्ट्रविरोध कतई बर्दाश्त नहीं: भाजपा

Monday, Mar 21, 2016 - 01:34 AM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नेतृत्व, नीति और विचारधारा के मामले में खुद को देश के अन्य राजनीतिक दलों से अलग बताते हुए आज कहा कि उसे राजनीतिक विरोध सहज रूप से स्वीकार है लेकिन वह राष्ट्रविरोध कतई बर्दाश्त नहीं कर सकती। गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने पार्टी की यहां दो दिनों तक चली कार्यकारिणी के बाद संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से भिन्न है और राष्ट्रवाद उसकी सबसे बड़ी ताकत है। 
 
सिंह ने कहा, नेतृत्व, नीति और विचारधारा के मामले में हम-दूसरे दलों से भिन्न हैं। हमारे पास निर्णायक नेतृत्व, विकासोन्मुखी नीतियां और राष्ट्रवादी विचारधारा है। जेएनयू प्रकरण का जिक्र किए बिना सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी को राजनीतिक विरोध सहज रूप से स्वीकार है लेकिन वह राष्ट्रविरोध कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। 
 
उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार के खिलाफ साजिश के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी तोडफ़ोड़ में विश्वास नहीं करती है। कांग्रेस अपनी कमजोरी को भाजपा पर थोप रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और उसने पहली बार देश में पूर्ण बहुमत के साथ गैर कांग्रेसी सरकार बनाई है। 
Advertising