पाकिस्तानी प्रतिक्रिया : मलीहा लोधी ने सुषमा के भाषण को कहा झूठ का पुलिंदा

Tuesday, Sep 27, 2016 - 12:25 AM (IST)

नई दिल्ली : उरी हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र में दिए सुषमा स्वाराज के बयान को पाकिस्तान की प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने झूठ और आधारहीन आरोपों का पुलिंदा कहा है। भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के भाषण के बाद मलीहा लोधी ने ट्विटर पर लिखा है कि सबसे बड़ा झूठ ये है कि कश्मीर भारत का अविभाज्य हिस्सा है।

सुषमा स्वराज ने भाषण में कहा था कि अगर पाकिस्तान समझता है कि वो भारत का हिस्सा छीन सकता है तो उसका मंसूबा पूरा नहीं होगा।  मलीहा लोधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि कश्मीर के विवाद को अंतरराष्ट्रीय तौर पर मान्यता मिली है, ये संयुक्त राष्ट्र एजेंडा के सबसे पुराने विषयों में है।उन्होंने आगे लिखा है कि दूसरा झूठ ये है कि कश्मीर में मानवाधिकारों का कोई उल्लंघन नहीं हो रहा है। जबकि उल्लंघन दस्तावेजों में दर्ज हैं।

उन्होंने बलूचिस्तान के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बलूचिस्तान का मुद्दा उठाना, जो कि एक आंतरिक मुद्दा है, संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने ये भी कहा है कि भारतीय विदेश मंत्री का ये दावा कि सही नहीं है कि उनके देश ने पाकिस्तान पर बातचीत के लिए कोई शर्त नहीं लगाई है।
 

Advertising