गोवा रेप मामला: पीड़ित किशोरी ने कहा विधायक ने उसे को 50 लाख में खरीदा था

Friday, May 06, 2016 - 12:05 AM (IST)

पणजी: गोवा के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं निष्कासित कांग्रेस विधायक अतानासियो मोंसेराते पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की ने पुलिस को बताया है कि उसकी सौतेली मां और एक अन्य व्यक्ति ने उसे 50 लाख रुपए में विधायक को ‘बेच’ दिया था।  मोंसेराते अभी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। वह आज यहां अपराध शाखा के सामने पेश हुए। गोवा पुलिस ने कल ही उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। 
 
शिकायत पहले पणजी पुलिस थाने में दर्ज की गई थी जिसे बाद में महिला पुलिस थाने को भेज दिया गया। शिकायतकर्ता ने शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने षड्यंत्र रचा और उसे कथित तौर पर इस वर्ष मार्च में यौन उत्पीड़न के लिए मोंसेराते को बेच दिया। इसमें कहा गया है कि मोंसेराते ने उसे कैद में रखा और उसे कुछ नशीला पदार्थ देते थे। इसमें कहा गया है कि मोंसेराते ने लड़की की सहमति के बिना उससे कई बार यौन संबंध बनाए। मोंसेराते गोवा लौटे और अपनी पत्नी जेनिफर के साथ अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए। 
 
जेनिफर तालेईगावो विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पुलिस ने मोंसेराते के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 328, 342, 370 (ए), गोवा बाल कानून के प्रावधान और पोक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया है।  मांेंसेराते ने दावा किया कि यह एक राजनीतिक षड्यंत्र है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने कुछ गलत नहीं किया है। शिकायत पूरी तरह गलत और फर्जी है। यह बस मुझे फंसाने के लिए है।’’ 
 
विधायक के अनुसार उन्होंने लड़की को उसके अभिभावकों से मिलने के बाद अपने हॉलमार्क शोरूम में काम करने के लिए रखा था। उसके अभिभावक उनके विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता हैं। विधायक ने कहा कि उन्होंने बाद में लड़की को चोरी करने को लेकर नौकरी से निकाल दिया। पुलिस ने इसके साथ ही कई स्थानों पर छापेमारी की जिसमें मोंसेराते के स्वामित्व वाला एक अपार्टमेंट भी शामिल है। 

 

Advertising