कांग्रेस को अरुणाचल के लोगों से माफी मांगनी चाहिए : रिजीजू

Thursday, Jan 28, 2016 - 12:37 AM (IST)

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू ने आज रात कहा कि राष्ट्रपति शासन विशेष मामलों में ही लगाया जाता है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि उसने विभिन्न राज्यों में ‘‘मामूली आधारों’’ पर 100 से अधिक बार राष्ट्रपति शासन लगाया था। रीजीजू खुद अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने सीमावर्ती राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने के एक दिन बाद फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा ‘‘राष्ट्रपति शासन विशेष मामलों में ही लगाया जाता है। 

पर कांग्रेस पार्टी ने पूर्व में आंध्रप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में ‘‘मामूली आधारों’’ पर 100 से अधिक बार राष्ट्रपति शासन लगाया था। कांग्रेस को एकजुट रहने में नाकामी, भ्रष्टाचार मुक्त रहने में असफलता और जनता के प्रति जवाबदेह न रह पाने के लिए अरुणाचल प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।’’  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रिजीजू ने कहा कि कांग्रेस विधायक छोटे बच्चे नहीं हैं जिन्हें दूसरे जबरन कुछ करने के लिए बाध्य करें। जो हुआ वह उनकी अंदरूनी समस्या है। 
 
उन्होंने कहा ‘‘अगर केंद्र को जल्दी होती तो वह तब ही हस्तक्षेप कर देता जब विधानसभा को सील किया गया था या जब राज भवन पर मिथुन नामक पशु के वध को लेकर कब्जा किया गया था और कांग्रेस नेताओं द्वारा टायर जलाए गए थे और राजभवन की सड़कें बंद कर दी गई थीं।’’ 
Advertising