केंद्रीय मंत्री सोनोवाल होंगे असम में भाजपा सीएम पद के उम्मीदवार

Thursday, Jan 28, 2016 - 09:52 PM (IST)

नई दिल्ली: भाजपा ने राज्य के चुनावों में किसी नेता का नाम घोषित नहीं करने की अपनी पंरपरा से हटते हुए आज असम विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को अपना मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित किया। भाजपा महासचिव जे पी नड्डा ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने घंटे भर चली बैठक में यह फैसला किया जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल थे। 
 
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा के साथ नड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘असम की जनता सर्वानंद सोनोवाल को राष्ट्रीय नायक के तौर पर जानती है। संसदीय बोर्ड ने फैसला किया है कि पार्टी उनके नेतृत्व में असम चुनाव लड़ेगी। भाजपा असम में अपनी सरकार बनाने जा रही है।’’ यह फैसला प्रदेश नेतृत्व की अनदेखी करके और केंद्रीय नेताओं पर अधिक ध्यान देकर राज्य विधानसभा चुनाव लडऩे के पार्टी के परंपरागत तरीके में रणनीतिक बदलाव दिखाता है। 
 
बिहार चुनावों में पार्टी की हार के लिए इसी तरीके को जिम्मेदार ठहराया गया था। दिल्ली विधानसभा चुनावों में अंतिम समय में किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करने के अलावा भाजपा ने पिछले कुछ सालों में राज्य विधानसभा चुनावों के लिए किसी नेता का नाम घोषित नहीं किया, बजाय इसके मोदी के नाम पर वोट मांगा था। 
 
जब नड्डा से पूछा गया कि क्या पार्टी अन्य चुनाव वाले राज्यों में भी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित करेगी तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आज विचार नहीं किया गया और बाद में निर्णय लिया जाएगा।  53 वर्षीय सोनोवाल फिलहाल खेल और युवा मामलों के केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। सोनोवाल 2011 में भाजपा में शामिल होने से पहले ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष थे और एजीपी के नेता थे। उन्हें नवंबर में असम भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। 
 
अगले कुछ महीनों में जिन पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, उनमें से असम से भाजपा को सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं जहां 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान वह सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी। बैठक में मोदी के नेतृत्व वाले बोर्ड ने शाह को दोबारा पार्टी अध्यक्ष चुने जाने पर उनका अभिनंदन किया । प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि वह पार्टी को भविष्य में और सफलताएं दिलाएंगे। सोनोवाल के नाम की घोषणा से पहले आज दिन में प्रदेश के प्रचार-अभियान में शामिल रहे भाजपा नेताओं की बैठक हुई। 
 
पश्चिम बंगाल में अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं की भी एेसी ही बैठक हुई। शाह ने दोनों बैठकों की अध्यक्षता की जिनमें चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। नड्डा ने कहा, ‘‘भाजपा सभी राज्य विधानसभा चुनावों को पूरी शक्ति के साथ लड़ेगी और व्यापक तरीके से मजबूत होकर उभरेगी। भाजपा असम में अपनी सरकार बनाने जा रही है।’’ बोर्ड की बैठक में मोदी, शाह और नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी, एम वेंकैया नायडू, अनंत कुमार समेत बोर्ड के सभी सदस्यों ने भाग लिया। 
Advertising