गांगुली बने सीएबी के नए अध्यक्ष

Thursday, Sep 24, 2015 - 09:50 PM (IST)

कोलकाता  : पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को आज बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया जिससे जगमोहन डालमिया के निधन के बाद इस पद पर आसीन होने वाले व्यक्ति को लेकर बनी असमंजस की स्थिति भी समाप्त हो गयी।  गांगुली को अध्यक्ष नियुक्त किये जाने की घोषणा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय में कैब के सीनियर अधिकारियों और राज्य सरकार के मंत्रियों की उपस्थिति में की।  एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में डालमिया के पुत्र अभिषेक को दो संयुक्त सचिवों में से एक पद पर नियुक्त किया गया। वह गांगुली की जगह लेंगे। सुबीर गांगुली दूसरे संयुक्त सचिव की भूमिका पहले की तरह निभाते रहेंगे जबकि विश्वरूप डे भी कोषाध्यक्ष बने रहेंगे। 
 
मुख्यमंत्री ने जहां आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया कि यह फैसला कैब अधिकारियों ने किया और वह केवल राज्य में क्रिकेट के खेल को आगे बढ़ाने में अपना समर्थन जताने के लिये वहां मौजूद थी लेकिन जाहिर था कि स्वर्गीय डालमिया के स्थान पर गांगुली को नियुक्त करने में सरकार ने हस्तक्षेप किया।  मुख्यमंत्री बनर्जी ने खेल मंत्री अरूप बिस्वास की मौजूदगी में कहा, ‘‘उनकी (डालमिया) के निधन के बाद हम बड़े संकट से गुजर रहे थे। किसी को कैब प्रमुख बनना था। डालमिया क्रिकेट को बहुत चाहते थे। इसलिए जरूरी था कि (यह पद संभालने वाला ) व्यक्ति उनका करीबी होना चाहिए। क्रिकेट परिवार महत्वपूर्ण है। मेरी आप सभी एकजुट बने रहने का आग्रह है। एक बने रहें और जग्गू दा की विरासत आगे बढ़ायें। ’’ 
Advertising