बलूच भाषा में समाचार प्रसारित करेगा ऑल इंडिया रेडियो

Wednesday, Aug 31, 2016 - 06:49 PM (IST)

नई दिल्ली: ऑल इंडिया रेडियो पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रह रहे लोगों के लिए जल्द ही बलूच भाषा में नियमित समाचार बुलेटिन शुरू करने जा रहा है। एआईआर सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि सरकार बलूच भाषा में कार्यक्रम बनाने वाली ऑल इंडिया रेडियो की इकाई के विस्तार पर विचार कर रही है। यह इकाई फिलहाल समाचार और सम-सामयिकी से जुड़ी दैनिक बुलेटिन पेश करती है।

बलूचिस्तान में लोगों के हालात के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चिंता जताए जाने के बाद आकाशवाणी बलूची भाषा मंे अपनी समाचार सेवा पर जोर देने की योजना बना रहा। वरिष्ठ  अधिकारियों  ने बताया कि आकाशवाणी की बलूची भाषा में पहले से ही एक सेवा है और अब यह समाचार बुलेटिन की विषय वस्तु को बढ़ाने पर विचार कर रहा। बलूची सेवा 1974 में शुरू की गई थी। अब बलूची भाषा में और भी समृद्ध न्यूज बुलेटिन की योजना बनाई जा रही है। समझा जाता है कि 10 मिनट की मौजूदा न्यूज बुलेटिन की अवधि बढ़ाई जा सकती है।

यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण के मद्देनजर उठाया जा रहा। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में बलूचिस्तान और पाक के कब्जे वाले कश्मीर में पाकिस्तानी ज्यादतियों के मुद्दे को उठाया था। इससे पहले डीडी न्यूज ने बलूच रिपब्लिकन पार्टी के नेता ब्रहुमदाग बुगती का साक्षात्कार लेने के लिए एक टीम जिनेवा भेजी थी। 
Advertising