प्रवास, पन्ना प्रमुख और बूथ को मजबूत करने पर रहेगा भाजपा का जोर

punjabkesari.in Saturday, Jul 02, 2022 - 04:12 PM (IST)

हैदराबाद, दो जुलाई (भाषा) आगामी लोकसभा चुनाव और कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आने वाले दिनों में देश भर में नेताओं के प्रवास, बूथ और पन्ना प्रमुखों को सशक्त करने पर जोर देगी, जबकि केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों से संघन संपर्क और ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियानों को मूर्त रूप देगी।

राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक से पहले यहां के ‘‘हैदराबाद इंटरनेशन कनवेंशन सेंटर’’ में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में उपरोक्त कार्यक्रमों और अभियानों को चलाए जाने पर जोर दिया गया।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पदाधिकारियों की बैठक में हुई चर्चा पर यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा यूं तो भाजपा का पहले ही प्रवास पर जोर रहता है, लेकिन आने वाले दिनों में इसपर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रवास के दौरान पार्टी के नेता जनता के बीच जाएंगे, हर बूथ तक पहुंचेंगे और छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। बूथ अध्यक्ष और बूथ कार्यकर्ताओं से संपर्क साधना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वही कार्यकर्ता हैं, जो वास्तव में इलाके में फैलकर हमारी बात को सबके सामने रख सकते हैं।’’
राजे ने बताया कि बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि जनता से संपर्क साधने के साथ-साथ ‘‘अंत्योदय’’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए देश भर में एक गहन अभियान चलाने की जरूरत है।

उनके मुताबिक नड्डा ने कहा, ‘‘ये दोनों साथ-साथ चलेंगे तो इसका फायदा कार्यकर्ताओं, प्रदेश और जनता को भी मिलेगा।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और जमीनी स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए हर बूथ में कम से कम 200 सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करने, बूथ स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और पन्ना प्रमुखों को सशक्त करने पर जोर दिया गया।

राजे ने बताया कि नड्डा ने कहा कि भाजपा ने देश के विभिन्न राज्यों में बड़े स्तर पर पन्ना प्रमुख बनाए हैं, लेकिन इसके महत्व को भूलना नहीं है। उन्होंने इन्हें और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष और संगठन हर हफ्ते इन सभी कार्यक्रमों की समीक्षा भी करेंगे।

राजे ने बताया कि ‘‘आजादी के अमृत महोत्सव’’ के तहत भाजपा हर घर तिरंगा अभियान चलाएगी और देश को एकजुट रखने के लिए एक बड़ा आंदोलन खड़ा करने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे हर घर तिरंगा अभियान अपने आप एक आंदोलन बन जाएगा। यह लोगों को एकजुट करेगा। हमारा लक्ष्य है कि हम इस अभियान के तहत 20 करोड़ लोगों तक पहुंचें।’’
राजे ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के करीब 30 करोड़ लाभार्थियों तक भी भाजपा पहुंचेगी और उनसे संपर्क साधेगी।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News