दुबई बनाएगा दुनिया का पहला 3D प्रिंटेड ऑफिस

Thursday, Jul 02, 2015 - 04:37 PM (IST)

जालंधर : दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग की जब बात चलती है तो दुबई का नाम सामने आता है और एक बार फिर से दुबई चर्चाओं में है। दुबई दुनिया की पहली ऐसी बिल्डिंग का निर्माण करेगा जो 3D प्रिंटर की मदद से बनाई जाएगी। यह बिल्डिंग ऑफिस इस्तेमाल के लिए होगी। दुबई ने 3D प्रिंटेड बिल्डिंग को बनाने के लिए विनसन ग्लोबल, जेनस्लेर, थोर्नटन थोमासेट्टी और स्यास्का हेन्नेस्सी के साथ करार किया है।

3D एक ऐसी तकनीक है जिससे किसी वस्तु को मशीन के सहारे 3 तरफ से स्कैन कर उसे प्रिंट किया जाता है। अब तक 3D प्रिंटर की मदद से छोटी वस्तुओं का ही निर्माण किया गया है परंतु यह पहली बार होगा जब 3D प्रिंटर तकनीक का इस्तेमाल कर बिल्डिंग को बनाया जाएगा। यही नहीं इस तकीनक से पैसे और समय की भी बचत होगी।

यह ऑफिस करीब 2000 स्क्वायर फीट में बनाया जाएगा जिसके लिए 20 फीट लंबे 3D प्रिंटर का इस्तेमाल होगा। अल ग्रेगावी ने बताया कि एक समय थ्रीडी प्रिंटेड इमारत का निर्माण सपना होता था, पर आज इसे वास्तविकता में बदला जा चुका है। विशेषज्ञों की मानें तो इस तकनीक की मदद से इमारत का निर्माण समय 50 से 70 प्रतिशत और श्रमिक लागत 50 से 80 प्रतिशत तक घटाई जा सकेगी।

Advertising