जनसंख्या वृद्धि के कारण देश में प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता कम हो रही है : सरकार

Thursday, Mar 23, 2023 - 01:55 PM (IST)

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि जनसंख्या वृद्धि के कारण देश में प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता कम हो रही है और केंद्रीय जल आयोग के अध्ययन के आधार पर 2021 में औसत प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता 1,486 घन मीटर और 2031 के लिए 1,367 घन मीटर आंकी गई।
लोकसभा में ए रेवंत रेड्डी के प्रश्न के लिखित उत्तर में जल शक्ति राज्य मंत्री विश्वेश्वर टुडु ने यह जानकारी दी। सदस्य ने पूछा था कि क्या यह सच है कि जनसंख्या में वृद्धि के परिणामस्वरूप देश में प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता घट रही है ? जल शक्ति राज्य मंत्री ने कहा कि किसी भी देश या क्षेत्र की औसत वार्षिक जल उपलब्धता काफी हद तक जल मौसम विज्ञान और भूवैज्ञानिक कारकों पर निर्भर करती है, हालांकि प्रति व्यक्ति पानी की उपलबधता किसी देश की आबादी पर निर्भर है।
टुडु ने कहा, ‘‘जनसंख्या वृद्धि के कारण देश में प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता कम हो रही है।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय जल आयोग द्वारा ‘अंतरिक्ष इनपुट का उपयोग करके भारत में जल उपलब्धता का पुनर्मूल्यांकन 2019’ नामक अध्ययन के आधार पर 2021 और 2031 के लिए औसत प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता क्रमश: 1,486 घन मीटर और 1,367 घन मीटर आंकी गई थी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising