सोलह भारतीय नाविकों की रिहाई के लिए नाइजीरिया के प्राधिकारियों के सम्पर्क में है सरकार : मुरलीधरन

punjabkesari.in Friday, Mar 17, 2023 - 06:10 PM (IST)

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि केरल के तीन नाविकों सहित 16 भारतीय नाविकों की शीघ्र रिहाई के लिए वह नाइजीरिया के संबंधित प्राधिकारियों के नियमित सम्पर्क में है।
लोकसभा में हिबी इडेन और शर्मिष्ठा सेठी के प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने यह जानकारी दी।
विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि अबूजा स्थित भारतीय उच्चायोग नाविकों का पक्ष रखने वाली शिपिंग कंपनी के वकीलों के सम्पर्क में भी है। उच्चायोग के अनुरोध पर राजनयिक सहायता प्रदान की गई थी जिस दौरान भारतीय उच्चायुक्त ने नाविकों के साथ बातचीत की और उनकी कुशलता की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि यह मामला नाइजीरिया के न्यायालय के अधीन है। फिर भी, भारतीय नाविकों की शीघ्र रिहाई के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए उच्चायुक्त ने नाइजीरिया के विदेश मंत्री, न्याय मंत्री, अटर्नी जनरल, नाइजीरिया के नौसेना प्रमुख, रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी प्रमुख हितधारकों के साथ बातचीत की है।
मुरलीधरन ने कहा, ‘‘ न्यायालय में मामले की सुनवाई की अगली तारीख 24 मार्च 2023 है।’’ मंत्री ने कहा कि सरकार विदेशों में रहने वाले भारतीयों की संरक्षा, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि जैसे ही विदेश में भारतीय नाविकों को हिरासत में लिए जाने का कोई मामला सामने आता है, तब संबंधित भारतीय मिशन/केंद्र तुरंत इस मामले को स्थानीय विदेश कार्यालय के साथ उठाता है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News