दिल्ली सरकार के विद्यालयों के 30 प्राचार्य और शिक्षक प्रशिक्षण के लिए जाएंगे कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय

Monday, Oct 03, 2022 - 09:47 PM (IST)

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) दिल्ली सरकार के करीब 30 विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी 10 अक्टूबर से “नेतृत्व प्रशिक्षण” कार्यक्रम के लिए इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जाएंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

दिल्ली सरकार की पहल के तहत आठ दिन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम दिल्ली सरकार के विद्यालयों के 30 प्राचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के लिये आयोजित किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि कैम्ब्रिज की अपनी यात्रा के दौरान, प्राचार्य और अधिकारी जमीनी स्तर पर नीतियों के क्रियान्वन को समझने के मकसद से तीन विद्यालयों - फुलब्रिज एकेडमी, विचफोर्ड विलेज कॉलेज और चेस्टरटन कम्युनिटी कॉलेज का भी दौरा करेंगे।
बयान के अनुसार, “प्रशिक्षण के दौरान, प्राचार्यों को शिक्षा विशेषज्ञों से मिलने का अवसर मिलेगा। वे तीन स्थानीय शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और शिक्षकों से यह समझने के लिए मिलेंगे कि वे देश की शिक्षा नीतियों को जमीन पर प्रभावी ढंग से किस तरह लागू कर रहे हैं।”
बयान में कहा गया है कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राचार्यों को कक्षाओं में डिजिटल प्रौद्योगिकी के उपयोग पर “वैश्विक परिदृश्य” प्रदान करना है।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक दिल्ली शिक्षा क्रांति के पथप्रदर्शक हैं। उनकी कड़ी मेहनत और प्रयासों ने सरकारी विद्यालयों को दिल्ली में बच्चों और अभिभावकों के बीच सबसे पसंदीदा विकल्प बना दिया है।”


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising