भारत ने यूक्रेन में शत्रुता समाप्त करने का आह्वान किया

punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2022 - 10:33 PM (IST)

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा नये सिरे से सैनिकों को इकट्ठा करने का आदेश देने और अपने देश की रक्षा के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने से भी न झिझकने की घोषणा के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को भारत ने यूक्रेन में शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत ने (रूस और यूक्रेन के बीच) दुश्मनी को तत्काल समाप्त करने और संघर्ष को बातचीत एवं कूटनीति के जरिये हल करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह समरकंद में पुतिन के साथ बैठक के दौरान शत्रुता खत्म करने की आवश्यकता दोहराई थी।

पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन के रूस नियंत्रित हिस्सों में जनमत संग्रह कराने की योजना के बारे में पूछे जाने पर बागची ने कहा, ‘‘देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के संबंध में भारत की स्थिति स्पष्ट और सुसंगत रही है।’’
मोदी ने समरकंद में पुतिन से कहा था, ‘‘मैं जानता हूं कि आज का युग युद्ध का नहीं है और हमने आपसे कई बार फोन पर बात की है कि लोकतंत्र, कूटनीति और संवाद ऐसी चीजें हैं जिससे दुनिया प्रभावित होती हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News