लांबा ने भारत-पाक संबंधों को सामान्य बनाने के लिए निष्ठा से काम किया : मनमोहन

Saturday, Jul 02, 2022 - 11:46 PM (IST)

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पूर्व राजनयिक सतिंदर लांबा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भारतीय विदेश सेवा के सबसे उत्कृष्ट सदस्यों में से एक बताया, जिन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों को सामान्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया।

पूर्व राजनयिक की पत्नी नीना लांबा को लिखे अपने शोक पत्र में सिंह ने कहा कि उन्हें सतिंदर लांबा के निधन के बारे में जानकर गहरा दु:ख हुआ है।

सिंह ने अपने पत्र में कहा, ‘‘वह (लांबा) भारतीय विदेश सेवा के सबसे उत्कृष्ट सदस्यों में से एक थे। उन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों को सामान्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया। राजनयिक के रूप में अपने पूरे करियर के दौरान लांबा ने प्रत्येक देश के साथ विशेष संबंधों की विरासत को आगे बढ़ाया, जहां उन्होंने सेवा की।’’
लांबा 81 साल के थे। बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में उनका निधन हो गया। लांबा ने 2005 से 2014 तक भारत और पाकिस्तान के बीच पर्दे के पीछे महत्वपूर्ण राजनयिक वार्ता का नेतृत्व किया। वह 1992 से 1995 तक इस्लामाबाद में भारत के उच्चायुक्त थे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising