शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल होंगे फडणवीस: नड्डा

Thursday, Jun 30, 2022 - 08:11 PM (IST)

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के भावी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।

देर शाम हुए शपथग्रहण समारोह में शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शाम साढ़े सात बजे के बाद दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई।

इससे पहले एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में फडणवीस ने घोषणा की थी कि शिंदे महाराष्ट्र के नये मुख्यमंत्री होंगे और वह खुद इस सरकार में शामिल नहीं होंगे।

फडणवीस ने शिंदे के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की थी। हालांकि, तब तक कयास लगाये जा रहे थे कि एकनाथ के नेतृत्व वाले बागी शिवसेना विधायकों के समर्थन से फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

हालांकि थोड़ी ही देर बाद, नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे का समर्थन करने का निर्णय किया।

उन्होंने कहा, ‘‘देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़ा मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में शिंदे को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सत्ता हासिल करना पार्टी का उद्देश्य नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र की जनता की सेवा करना ही उसका ‘‘परम लक्ष्य’’ है।

शिंदे और फडणवीस को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आज ये सिद्ध हो गया कि भाजपा के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश नरेंद्र मोदी एवं फडणवीस को मिला था। उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी।’’
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह जानकारी दी कि भाजपा अध्यक्ष नड्डा के कहने पर फडणवीस ने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बनने वाली नयी सरकार में शामिल होने का फैसला किया है।

शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के कहने पर देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है।’’
उन्होंने कहा कि यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा व सेवाभाव का परिचायक है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए मैं उन्हे हृदय से बधाई देता हूं।’’



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising