उपचुनाव: पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट के लिए मतदान

punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2022 - 08:56 AM (IST)

चंडीगढ़, 23 जून (भाषा) पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के वास्ते बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हो गया। विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद इसे सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की पहली परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतगणना 26 जून को की जाएगी।

संगरूर लोकसभा क्षेत्र में 15,69,240 मतदाता हैं, जिनमें 8,30,056 पुरुष, 7,39,140 महिलाएं और 44 ट्रांसजेंडर हैं। कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2014 और 2019 में संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। हाल में धूरी सीट से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

आप ने पार्टी के संगरूर जिला प्रभारी गुरमेल सिंह, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने धूरी के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी, भाजपा ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को अपना उम्मीदवार बनाया है।

शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान भी चुनावी मैदान में हैं।




यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News