बोधि ट्री 60 करोड़ डॉलर में खरीदेगी एलन करियर में रणनीतिक हिस्सेदारी

punjabkesari.in Sunday, May 01, 2022 - 08:32 PM (IST)

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) जेम्स मर्डोक और उदय शंकर की भागीदारी वाली फर्म बोधि ट्री सिस्टम्स 60 करोड़ डॉलर (लगभग 4,590 करोड़ रुपये) के निवेश से परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली फर्म एलन करियर इंस्टीट्यूट में रणनीतिक हिस्सेदारी खरीदेगी।
दोनों फर्मों की तरफ से रविवार को जारी एक संयुक्त बयान में इस सौदे की जानकारी दी गई। इसके मुताबिक यह सौदा तीन महीने में संपन्न हो जाने की उम्मीद है।
एलन करियर इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक केशव माहेश्वरी ने कहा कि इस निवेश के बड़े हिस्से का इस्तेमाल शिक्षण-प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रवेश के लिए किया जाएगा। इसके बाद भारत और विदेशों में ऑफलाइन केंद्रों का विस्तार होगा।

बयान के मुताबिक, ‘‘बोधि ट्री की तरफ से 60 करोड़ डॉलर का निवेश परीक्षा तैयारी कराने वाली भारत की सबसे बड़ी और सबसे सफल कंपनी को विस्तार में मदद करेगा।’’ इस कंपनी के 46 शहरों में 138 क्लासरूम संचालित हैं।
बोधि ट्री सिस्टम्स का गठन लुपा सिस्टम्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स मर्डोक और द वॉल्ट डिज़नी कंपनी एशिया-प्रशांत के पूर्व अध्यक्ष और स्टार एवं डिज्नी इंडिया के पूर्व चेयरमैन उदय शंकर ने मिलकर किया है। कतर सरकार के सॉवरिन कोष कतर इंवेस्टमेंट अथॉरिटी (क्यूआईए) ने भी बोधि ट्री सिस्टम्स में निवेश किया हुआ है।
मर्डोक ने इस बयान में कहा, ‘‘एलन की बेजोड़ सफलता और बड़ा फलक भविष्य की डिजिटल शिक्षा कंपनी के निर्माण के लिए सही आधार प्रदान करता है। हम एक परिणाम-केंद्रित डिजिटल शिक्षा कंपनी बनाने के लिए माहेश्वरी परिवार के साथ काम करने को उत्साहित हैं।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Related News