सरकार ने पीएमएलए निर्णायक प्राधिकरण के नए अध्यक्ष की नियुक्ति की

punjabkesari.in Sunday, Jan 23, 2022 - 04:19 PM (IST)

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) भारतीय राजस्व सेवा के वर्ष 1983 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी विनोदानंद झा को राष्ट्रीय राजधानी स्थित पीएमएलए निर्णायक प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

झा सितंबर 2018 से प्राधिकरण के सदस्य (वित्त और लेखा) के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। पुणे में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त के रूप में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया था।

केंद्रीय वित्त मंत्रालय के 20 जनवरी को जारी एक आदेश में बताया गया है कि झा अगले साल 22 जून तक प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में सेवाएं देंगे।

यह तीन-सदस्यीय प्राधिकरण धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जारी किए गए संपत्ति कुर्क करने के आदेशों के मामलों पर निर्णय लेता है और जांच के आधार पर इन आदेशों को जारी रखने, और जब्ती करने या छोड़ने का फैसला करता है।
प्राधिकरण आरोपी के हितों की रक्षा के लिए पीएमएलए के तहत मुहैया कराई गई एक व्यवस्था है। इसके पूर्णकालिक अध्यक्ष का पद सितंबर 2020 से रिक्त था। इस समय इसके दो अन्य सदस्यों के पद भी रिक्त हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News