पंजाब चुनाव : पूर्व सेना प्रमुख जनरल जे जे सिंह भाजपा में शामिल

Wednesday, Jan 19, 2022 - 08:46 AM (IST)

चंडीगढ़, 18 जनवरी (भाषा) पूर्व सेना प्रमुख जनरल जे जे सिंह मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

शेखावत ने भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर जनरल सिंह का पार्टी में स्वागत किया। पूर्व सेना प्रमुख ने साल 2018 में शिरोमणि अकाली दल का दामन छोड़ दिया था।

जनरल सिंह 2017 में अकाली दल में शामिल हुए थे। उन्होंने पटियाला से कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्हें अमरिंदर के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

जे जे सिंह अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। वह साल 2005 में सेना प्रमुख नियुक्त होने वाले पहले सिख बने थे।

वहीं, अकाली दल के विधायक शरणजीत ढिल्लों के भाई अजमेर सिंह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के पूर्व डीजीपी एस एस संधू ने भी मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया।

पंजाब की 117 विधानसभा सीट पर 20 फरवरी को मतदान होना है। मतों की गिनती दस मार्च को की जाएगी।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising