कांग्रेस की उप्र विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची में सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश

punjabkesari.in Friday, Jan 14, 2022 - 09:51 AM (IST)

नयी दिल्ली, 13 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश में अपनी खोई जमीन हासिल करने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए जारी 125 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची में महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के प्रयास के साथ सामाजिक संतुलन साधने की भी कोशिश की है।
इसी कोशिश के तहत उसने मुस्लिम समुदाय से 20 लोगों को टिकट दिया है जिनमें छह महिलाएं हैं। अनुसूचित जाति समुदाय समुदाय से 32 उम्मीदवार और अनुसूचित जनजाति समुदाय से एक उम्मीदवार उतारा है। इसी तरह पार्टी ने 18 ब्राह्मण उम्मीदवार घोषित किए हैं और अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के 23 लोगों को टिकट दिया है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दशक पहले तक मुस्लिम, दलित और ब्राह्मण कांग्रेस पार्टी के परंपरागत मतदाता माने जाते थे।
कांग्रेस के इन 125 उम्मीदवारों में 50 महिलाएं शामिल हैं। कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान आरंभ करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन 125 प्रत्याशियों में 88 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनको पहली बार टिकट मिला है। दूसरी बार चुनाव लड़ने वाले 15 प्रत्याशियों को दोबारा किस्मत आजमाने का मौका मिला है। कांग्रेस ने 10 ऐसे लोगों को टिकट दिया है जो तीसरी बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
इसी तरह साज लोग चौथी बार चुनाव लड़ेंगे जो विधायक या विधान परिषद सदस्य भी रह चुके हैं। तीन प्रत्याशी 5वीं बार चुनाव लड़ेंगे।

मथुरा से उम्मीदवार प्रदीप माथुर इससे पहले छह बार चुनाव लड़ चुके है जिनमें चार बार जीते। वह विधानमंडल के नेता भी रहे हैं।

पार्टी ने सिख समुदाय से तीन और राजपूत समुदाय से 14 प्रत्याशी व वैश्य समुदाय के 10 लोगों को उम्मीदवार बनाया है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News