भाजपा ने सीडब्ल्यूसी की बैठक में पटेल का ‘अपमान'''' करने के लिए कांग्रेस की निंदा की

punjabkesari.in Tuesday, Oct 19, 2021 - 09:20 AM (IST)

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को उन खबरों को लेकर कांग्रेस पर ‘पाप’ करने का आरोप लगाया, जिनमें कहा गया है कि हाल में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में एक नेता ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर सरदार वल्लभभाई पटेल के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी की। पार्टी ने पूछा कि क्या पार्टी नेतृत्व उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।

भाजपा के इस आरोप पर पलटवार करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इन खबरों को खारिज कर दिया और आरोप लगाया कि ‘‘झूठ और अफवाह फैलाना’’ कुछ लोगों के लिए मानदंड बन गया है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने उन खबरों का हवाला दिया कि एक कश्मीरी नेता और कांग्रेस कार्य समिति में स्थायी रूप से आमंत्रित सदस्य तारिक हमीद कर्रा ने जवाहरलाल नेहरू को जम्मू-कश्मीर के भारत के साथ एकीकरण का श्रेय दिया था और आरोप लगाया था कि पटेल घाटी को भारत से बाहर रखना चाहते थे।

भाजपा प्रवक्ता ने खबरों का हवाला देते हुए कहा कि कर्रा ने पटेल को पाकिस्तान के संस्थापक एम ए जिन्ना से भी जोड़ा।

पात्रा ने पूछा कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी या राहुल गांधी ने तब आपत्ति जताई थी, जब कर्रा ने पटेल को ‘‘अपमानित’’ किया और नेहरू की प्रशंसा करते हुए भारत के पहले गृह मंत्री को ‘‘खलनायक’’ के रूप में पेश किया। पात्रा ने कांग्रेस पर सुभाष चंद्र बोस, पटेल और हिंदुत्व के विचारक विनायक दामोदर सावरकर जैसे नेताओं का लगातार अपमान करने का आरोप लगाते हुए पूछा, ‘‘क्या कर्रा को फटकार लगाई गई है? क्या उन्हें सीडब्ल्यूसी से निकाला जाएगा।’’
सुरजेवाला ने उन खबरों की आलोचना की और कहा कि भाजपा की सरकार पर ‘‘कभी भी’’ सवाल नहीं उठाया जाता है।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि गांधी परिवार पार्टी को भी एकजुट नहीं कर सकता, भारत को एकजुट करना तो बहुत दूर की बात है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अफसोस की बात है कि सीडब्ल्यूसी की बैठकें ‘एक परिवार’ को खुश करने तक ही सीमित कर दी जाती हैं, भले ही वह देश के दिग्गजों का अपमान और बदनाम करने की कीमत पर हो ... नेतृत्व संकट के साथ कांग्रेस हमेशा खुद को हाशिये पर पाएगी।’’
पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है और परिवार के शासन को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह कैसी मानसिकता है कि एक परिवार ने सब कुछ किया और दूसरों ने कुछ नहीं किया। सीडब्ल्यूसी में जो हुआ, वह पाप है।’’
उन्होंने कहा कि कर्रा ने नेहरू-गांधी परिवार के योगदान की सराहना और पटेल की आलोचना करते हुए राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पदभार संभालने की भी वकालत की।

पात्रा ने कहा, ‘‘यह चाटुकारिता की पराकाष्ठा है।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News