नड्डा ने शिक्षा के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर दिया

punjabkesari.in Monday, Sep 27, 2021 - 07:56 PM (IST)

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को शिक्षा के माध्यम से तथा उन्हें स्वतंत्र बनाकर सशक्त करने के पक्ष में है।

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि उद्योग जगत से लेकर खेल और अंतरिक्ष तक, सभी जगह महिलाएं अपनी छाप छोड़ रही हैं।

नड्डा ने कहा कि हाल में संपन्न तोक्यो ओलंपिक में भी महिलाओं ने अपनी क्षमता साबित की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को देश के समग्र विकास के लिए राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में अहम भूमिका निभानी चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम भारतीय महिलाओं को शिक्षित करके और उन्हें स्वतंत्र बनाकर सशक्त करने के पक्ष में हैं। नरेंद्र मोदी की सरकार में यह दिखाई देता है जहां महिलाओं की भूमिका और संख्या बढ़ गयी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्रिमंडल में 12 महिला मंत्री हैं जो कुल मंत्रियों की 14 प्रतिशत हैं। यह भारत के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।’’
नड्डा ने कहा कि रक्षा, विदेश, वित्त और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय महिला मंत्रियों को दिये गये हैं। भारतीय वायु सेना ने लड़ाकू भूमिकाओं के लिए महिलाओं के लिए अपने दरवाजे खोले। सरकार ने सीआरपीएफ और सीआईएसएफ में कांस्टेबल पदों पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की।

कोविड महामारी के दौरान राहत कार्यों के लिए भाजपा महिला मोर्चा की तारीफ करते हुए पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने पूरे देश को दिखाया कि कैसे मास्क बनाये गये और कैसे अनेक क्षेत्रों में भोजन बांटा गया।

नड्डा ने कार्यकर्ताओं को पोषण अभियान को सफल बनाने का निर्देश भी दिया जिसकी शुरुआत मोदी सरकार ने बच्चों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए की।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News