अमरिंदर सिंह ने अपने फार्महाउस पर ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए खुद व्यंजन तैयार किए

punjabkesari.in Wednesday, Sep 08, 2021 - 10:35 PM (IST)

चंडीगढ़, आठ सितंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने तोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों और स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के लिए बुधवार को रात्रिभोज का आयोजन किया और उनके लिए उन्होंने खुद लजीज़ व्यंजन तैयार किए।
रात्रिभोज का आयोजन मोहाली के सिसवां में सिंह के फार्महाउस में हुआ।
उन्होंने खिलाड़ियों के लिए न केवल व्यंजन तैयार किए बल्कि अपने फार्महाउस में विशेष मेहमानों को खुद ही भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने सुबह 11 बजे शुरू किया। अधिकतर काम शाम पांच बजे तक पूरा हो गया और फिर इसे अंतिम रूप दिया गया। लेकिन मैंने हर पल का आनंद लिया।’’
अतिथियों का खुद स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वे (खिलाड़ी) हमें गौरवान्वित करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, मैंने जो किया उसकी तुलना नहीं की जा सकती है।’’
उन्होंने कहा कि खाना अगर बनाए जाने वाले बर्तन से सीधे परोसा जाए तो स्वाद हमेशा अच्छा होता है।

मेनू में ‘‘मटन खारा पिशोरी’’, ‘‘लौंग इलाइची चिकेन’’, ‘‘आलू कोरमा’’, ‘‘दाल मसरी’’, ‘‘मुर्ग कोरमा’’, ‘‘दुगानी’’ बिरयानी और ‘‘जर्दा राइस’’ था।

भारतीय हॉकी के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि उन्होंने महाराजा के खाना पकाने के बारे में सुना था, लेकिन बुधवार को उन्होंने जो परोसा वह उनकी उम्मीदों से बढ़कर था।

अपने पहले ओलंपिक में छठे स्थान पर आने वाली मुक्तसर की डिसकस थ्रेाअर कमलप्रीत कौर ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के भोजन एवं आवभगत दोनों से प्रभावित थीं।

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने कहा, ‘‘भोजन बहुत शानदार था।’’
हरियाणा के पानीपत के निकट खंदरा गांव के नीरज चोपड़ा ने तोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर दूरी पर भाला फेंक कर स्पर्धा में स्वर्ण जीता था। चोपड़ा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। वह ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में भारत के पहले एथलीट हैं जिन्होंने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता है।

चोपड़ा के अलावा विशेष अतिथियों में हॉकी में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के खिलाड़ी मनप्रीत सिंह (कप्तान), हरमनप्रीत सिंह (उप कप्तान), मनदीप सिंह, हार्दिक सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंट सिंह, वरूण कुमार और सिमरनजीत सिंह शामिल थे।

महिला हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर, रीना खोखर, कृष्ण बहादुर पाठक और कमलप्रीत कौर भी अतिथियों में शामिल थीं।

रात्रि भोज में रेस वॉकर गुरप्रीत सिंह और शूटर अंगदवीर सिंह बाजवा को भी निमंत्रण दिया गया था।

कार्यक्रम से पहले नीरज चोपड़ा को खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने चंडीगढ़ में 2.51 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News