दिल्ली में बर्ड फ्लू से जूझ रहे 12 वर्षीय लड़के की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jul 21, 2021 - 12:13 AM (IST)

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) दिल्ली में हाल में बर्ड फ्लू की चपेट में आए 12 वर्षीय लड़के की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि लड़के को दो जुलाई को निमोनिया और ल्यूकेमिया की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान उसकी कोविड-19 और इन्फ्लूएंजा की जांच की गयी।

एक सूत्र ने कहा, '''' उसके नमूनों में कोविड-19 की पुष्टि नहीं हुई। नमूनों में इन्फ्लूएंजा संक्रमण मिला। नमूने को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे भेजा गया, जहां उसमें एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के संक्रमण की पुष्टि हुई।''''
सूत्र ने बताया कि मामले का विवरण राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) को भेज दिया गया है और उनकी टीम ने संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, लड़का दिल्ली का रहने वाला नहीं था।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News