दिल्ली में हुई हल्की बारिश, और मानसूनी बारिश के लिए करना होगा और इंतजार

Wednesday, Jun 16, 2021 - 09:03 PM (IST)

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में बुधवार को हल्की बारिश हुई, लेकिन दिल्लीवासियों को मानसून की बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा। पीतमपुरा में 24.5 मिलीमीटर और नजफगढ़ एवं पूसा में 0.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।

आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि पछुआ हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून के पहुंचने की गति प्रभावित हुई है। आईएमडी ने कहा, ‘‘ बड़े पैमाने पर वर्तमान परिस्थितियां मानसून के राजस्थान, गुजरात, के बाकी हिस्सों एवं पंजाब , हरियाणा और दिल्ली की ओर आगे बढ़ने के अनुकूल नहीं हैं।’’
उसने कहा कि लेकिन अगले पांच दिनों के दौरान यह उत्तर प्रदेश के कुछ और भागों में धीरे -धीरे आगे बढ़ सकता है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘यह अनुमान व्यक्त करना मुश्किल है कि मानसून दिल्ली कब पहुंचेगा। वह शहर में पहुंचने से पहले अगले पांच छह दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहुंचेगा।’’
पहले मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि मानसून नियत समय से 12 दिन पहले ही 15 जून को दिल्ली पहुंच सकता है। वैसे सामान्य तौर पर मानसून 27 जून तक यहां पहुंचता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में छा जाता है।
पिछले साल मानसून ने 25 जून को दिल्ली में दस्तक दी थी और 29 जून तक पूरे देश में छा गया था।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising