पुणे आग दुर्घटना: उपराष्ट्रपति ने श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया

Monday, Jun 07, 2021 - 11:38 PM (IST)

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सोमवार को महाराष्ट्र में पुणे की एक फैक्ट्री में आग लगने से श्रमिकों की मौत होने की घटना पर दुख जताया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुणे जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र की रसायन फैक्ट्री में सोमवार दोपहर को भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 12 कामगारों की मौत हो गई और पांच अन्य लापता हैं। मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, एसवीएस एक्वा टेक्नोलॉजीज के संयंत्र में लगी जिसमें क्लोरीनडाइऑक्साइड का उत्पादन होता है। यह संयंत्र पुणे शहर के पास मुलशी तहसील के पीरागुंट इलाके में स्थित है।

नायडू के हवाले से उप राष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया, ‘‘ पुणे की एक फैक्ट्री में आग लगने से लोगों की मौत की खबर सुनकर दुखी हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising